देहरादून: उत्तराखंड होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस के अवसर पर होमगार्ड मुख्यालय में रैतिक परेड का आयोजन किया गया है. कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रैतिक परेड का निरीक्षण किया. कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की स्मारिका 2025 और विभागीय कैलेंडर 2026 का विमोचन किया. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने होमगार्ड स्वयंसेवकों के लिए तीन बड़ी घोषणाएं भी की. जिसमें होमगार्ड को वर्दी भत्ता देने, भोजन भत्ता और प्रशिक्षण भत्ता बढ़ाने की घोषणा शामिल है.
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दी सौगात: हर साल 6 दिसंबर को होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस को मनाया जाता है, ताकि जवानों को मोटिवेट किया जा सके. लेकिन इस साल सीएम धामी के बिजी शेड्यूल के चलते आज यानी 8 दिसंबर को रैतिक परेड कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी जवानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्र सेवा का अद्वितीय उदाहरण अगर कहीं स्पष्ट देखने को मिलता है तो वह जवानों के बीच आकर देखने को मिलता है.
होमगार्ड संगठन राज्य में सामाजिक सुरक्षा और व्यवस्था नियंत्रण के लिए बेहतर रूप से काम करती है. साथ ही हर स्थिति-परिस्थिति में अपने दायित्वों को पूरा करने के लिए तत्पर रहते हैं. सीएम धामी ने कहा कि होमगार्ड्स जवान कानून-व्यवस्था को बनाए रखने, यातायात नियंत्रित करने, चारधाम यात्रा, कुम्भ मेला एवं कांवड़ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजनों में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
प्राकृतिक आपदाओं के समय भी जरूरत पड़ने पर होमगार्ड्स जवान हमेशा तैयार रहते हैं. सीएम ने कहा कि हमारे इन जवानों के हौसले और समर्पण को सम्मान देते हुए राज्य सरकार ने उनके कल्याण और संगठन के उत्थान के लिए तमाम काम किए हैं, साथ ही तमाम निर्णय भी लिए हैं. ऐसे में राज्य सरकार सभी होमगार्ड जवानों के कल्याण के लिए पूरी तरह से संकल्पित है. इस संकल्प को आगे बढ़ते हुए होमगार्ड जवानों के लिए कुछ घोषणा की गई है.










