नई दिल्ली: 19 नवंबर को FICCI के कार्यक्रम में कंपनियों से सैलरी और नौकरियां न बढ़ाने पर पीएम के सवाल पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ज़ोरदार हमला किया है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया X पर लिखा- मोदी जी कल उद्योगपतियों को ताना मार रहे थे, “टैक्स घटाया, फिर भी न तनख्वाह बढ़ाई, न नौकरियाँ दीं।“मोदी जी, ये उन पर आरोप नहीं, आपका कबूलनामा है।
आप कहते हैं – “भूख इतनी है कि पेट भरता ही नहीं।” सही कहा। ये भूख किसकी है, पूरा देश जानता है।
एयरपोर्ट, बंदरगाह, खदानें, जंगल, बिजली, कोयला, सड़कें – सब जिनके नाम कर दिए, उन्होंने कितनी नौकरियाँ बनाईं?नौकरियाँ देने वाले छोटे व्यापारी और MSME – उन्हें तो आपने नोटबंदी और गलत GST से तबाह कर दिया। और जो बड़ी कंपनियाँ ईमानदारी से मुक़ाबला करती थीं, उनके लिए मैदान ही ख़त्म कर दिया।
राहुल गांधी ने कहा कि मोनोपॉली नौकरी नहीं देती, महंगाई बढ़ाती है, और मुक़ाबला ख़त्म करती है। राहुल ने इसी बात पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकार खुद मान रही है कि टैक्स में राहत का फायदा कर्मचारियों तक नहीं पहुंचा, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है?
“आप करो, हम देख लेंगे”? मोदी जी, लूट आपने और आपके मित्रों ने की – देश ने देखा, और तालियाँ नहीं बजीं तो बुरा मान गए? आपकी नीतियों ने उद्योगपति, छोटे व्यापारी, महंगाई से त्रस्त गरीब और मध्यम वर्ग, बेरोज़गार युवा – किसी को ताली बजाने लायक छोड़ा ही नहीं।
राहुल ने तंज कसते हुए कहा कि जब लोगों के पास ताली बजाने की वजह ही नहीं बची, तो प्रधानमंत्री अपने बचे-खुचे भक्तों से ही बजवा लीजिए।








