मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR के मुद्दे को लेकर कांग्रेस लगातार हमले कर रही है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स X पर लिखा, “मैं पिछले एक दशक से अधिक समय से नरेंद्र मोदी और आरएसएस से लड़ रहा हूं। मैं उन्हें वैसे ही समझता हूं जैसे आप अपने प्रतिद्वंद्वी को समझते हैं- भीतर से पूरी तरह, अपने हाथ की लकीरों की तरह।” राहुल ने कहा कि इन लोगों की मुख्य विशेषता “डरपोक होना” है।
राहुल ने कहा कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत, ज्ञानेश कुमार और अजीत डोभाल, जो इस कहानी के विलेन हैं, वे धीरे-धीरे देख रहे हैं कि उनके चारों ओर का दायरा सिमटता जा रहा है। हम उस दायरे को और छोटा कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने चुनौती देते हुए कहा, “मोदी जी, आप जो चाहें करें! जितनी चाहें उतनी पुलिस बुला लें- 10,000, 20,000, 50,000, जो भी आप चाहें, सभी नेताओं को गिरफ्तार कर लें, सभी युवाओं को गिरफ्तार कर लें, लेकिन हम डरने वाले नहीं। हम आपको घेर रहे हैं, और हम पीछे हटने वाले नहीं हैं।
उन्होंने अंत में कहा, “मेरी बातों को याद रखिएगा। हमारे पास वह सारी जानकारी पहले से है जिसकी हमें जरूरत है। हम अपने संविधान की रक्षा करने जा रहे हैं। हम भारत की जनता की आवाज को सुरक्षित रखने जा रहे हैं। और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि पिछले 10-15 सालों में भारत के साथ जो कुछ भी किया गया है, वैसा फिर कभी भी न किया जा सके।”
उन्होंने युवाओं से विरोध प्रदर्शन जारी रखने का आग्रह किया और भरोसा दिया कि “हम आपके साथ खड़े हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, “हम यह सुनिश्चित करने जा रहे हैं कि यह सरकार और जिन लोगों ने हमारे संविधान पर हमला किया है, उन्हें शिकस्त दी जाए।”









