बदरीनाथ धाम पहुंचे CM धामी, पूजा-अर्चना के साथ मास्टर प्लान के कार्यों का लिया जायजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बदरीनाथ: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन और विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने आस्था पथ समेत विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ धाम की धार्मिक, आध्यात्मिक और पारंपरिक गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में बदरीनाथ धाम को उसके धार्मिक और पौराणिक महत्व के अनुरूप भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। मास्टर प्लान के तहत विकसित सुविधाओं से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ धाम की पारंपरिक पहचान, प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक स्वरूप का संरक्षण भी जरूरी है।

 

इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान के तत्वावधान में आयोजित बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव में हिस्सा लिया। महोत्सव में देश के विभिन्न क्षेत्रों से 150 से अधिक संत-साध्वी और 1200 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदरीनाथ धाम भारत की सनातन चेतना और आध्यात्मिक विरासत का प्रमुख केंद्र है। यहां संतों और श्रद्धालुओं के बीच कथा महोत्सव में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह पावन भूमि सदियों से तप, साधना और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र रही है।

 

धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि तीर्थस्थलों का विकास सुव्यवस्थित तरीके से हो और उनकी धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान अक्षुण्ण रहे।

उन्होंने कहा कि चारधाम, गंगा-यमुना, हिमालय और हेमकुंड साहिब समेत अनेक धार्मिक स्थल देवभूमि की विशिष्ट पहचान हैं। संत समाज का आशीर्वाद और मार्गदर्शन समाज एवं राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणादायी रहा है। ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से सनातन परंपराओं, संस्कृति और जीवन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है।

इस अवसर पर राज्य मंत्री हरक सिंह, माधव प्रसाद सेमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial