हल्द्वानी: शुद्धीकरण मामले को लेकर राहुल गांधी के बयान पर सीएम धामी ने पलटवार किया है। खरगे के कथित अपमान और शुद्धिकरण के मुद्दे पर सीएम ने कांग्रेस को मुद्दाविहीन बताते हुए तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में जाति के आधार पर भेदभाव की कोई जगह नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कांग्रेस के पास अब कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए शुद्धिकरण के मामले को तूल देकर तुष्टिकरण की राजनीति की जा रही है। धामी ने कहा कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर धर्म विरोधी नारे लगाए गए थे। कार्यक्रम में धर्मविशेष के नारे लगे थे। साथ ही मैदान में काफी गंदगी भी हुई थी। सीएम धामी ने कहा रामलीला मैदान धार्मिक आयोजन का स्थान है, इसलिए स्वयंसेवी संस्था से जुड़े लोगों ने वहां शुद्धिकरण किया।
सीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि शुद्धिकरण करने वाली संस्था का भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा उत्तराखंड ऐसा राज्य है जो सभी को आत्मसात करता है। यहां जाति तथा पार्टी के आधार पर भेदभाव की मानसिकता नहीं है। खड़गे के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा उत्तराखंड के लोगों को यह भी पता नहीं कि खड़गे किस जाति के हैं। ऐसे में किसी के जातिगत अपमान का सवाल ही नहीं उठता।








