स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले दिल्ली हाई कोर्ट समेत दिल्ली की छह जगहों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं और सुरक्षा जांच तेज कर दी गई है। इसकी सूचना के मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत एक्शन में आ गईं और सभी संबंधित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। हालांकि, अभी तक की जांच में किसी भी जगह से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
दिल्ली हाई कोर्ट को ई-मेल के जरिए धमकी मिली, जिसके बाद वहां सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। बम निरोधक दस्तों ने हाई कोर्ट परिसर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।ई-मेल में दिल्ली को खालिस्तान बनाने की बात लिखी गई है और दिल्ली हाई कोर्ट के साथ-साथ जिला अदालतों, लाल किले और ट्रेन को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
Email में उपर विषय में “BOMB Blast Delhi High Court @ 2:11PM” लिखा है। ई-मेल में यह दावा किया गया है कि 15 अगस्त को धमाका होगा। साथ ही लिखा गया है कि दिल्ली हाई कोर्ट ने सिखों से जुड़े मामलों में न्याय नहीं किया है। ई-मेल में दिल्ली हाई कोर्ट का नाम लिखकर कहा गया है कि कोर्ट में सिखों के खिलाफ चल रहे मामलों और 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामलों में न्याय नहीं मिला। है।
ई-मेल में लाल किले का भी जिक्र है। इसमें कहा गया है कि लाल किले पर निशाना होगा। ई-मेल में खाकी वर्दी पहने लोगों का भी जिक्र किया गया है और दावा किया गया है कि ऐसे लोग धमाके को अंजाम देने के लिए आ रहे हैं। धमकी देने वाले ने केवल दिल्ली हाई कोर्ट का जिक्र नहीं किया है। ई-मेल में दिल्ली की जिला अदालतों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है।
जिन 6 जगहों को बम से उडाने की धमकी मिली है उनमेंल जाम नगर हाउस, दिल्ली हाई कोर्ट, झंडेवालान की फ्लैटेड बिल्डिंग, एमबी साकेत स्थित जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट का टर्मिनल-3 और SDM दफ्तर दिल्ली कैंट शामिल है।









