तमिलनाडु के पूर्व डिप्टी सीएम और DMK नेता उदयनिधि स्टालिन को मुख्यमंत्री विजय और अभिनेत्री तृषा के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया है। उदयनिधि स्टालिन को चेन्नई स्थित उनके घर से पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
दरअसल यह मामला सोमवार को तंजावुर में कावेरी जल-बंटवारे के मुद्दे पर विरोध करने के लिए आयोजित डीएमके की रैली से जुड़ा है। अपने संबोधन के दौरान उदयनिधि ने मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय और अभिनेत्री तृषा पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद सियासी तूफान खड़ा हो गया।
टीवीके की शिकायत के बाद तंजावुर पुलिस ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। यह रैली तब विवादों में घिर गई जब भीड़ में से किसी ने “तृषा, तृषा” चिल्लाना शुरू कर दिया। उदयनिधि ने अपना भाषण रोककर ऐसी टिप्पणी की जिसे कई लोगों ने अपमानजनक और दोहरे अर्थ वाली बात मानी।









