टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया जिसमें संन्यास की घोषणा की।रहाणे लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे जिसकी वजह से उन्हें यह फैसला लेना पड़ा। 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला था।
अजिंक्य रहाणे ने इंस्टाग्राम पर शेयर वीडियो के कैप्शन में लिखा- कैप 278 अब विदा ले रहा है। इतने सालों तक मिले प्यार और सहयोग के लिए धन्यवाद। मैं हमेशा आभारी रहूंगा।
अजिंक्य रहाणे ने कहा, ‘जिंदगी की सच्चाई यही है कि हर चीज की शुरुआत होती है और उसका अंत भी। जब सही समय आता है, तो हमें बस उसका सम्मान करते हुए आगे बढ़ना होता है। मैंने अपनी बैटिंग में हमेशा टाइमिंग पर भरोसा किया है और इसके महत्व को समझा है। आज मुझे लगता है कि आगे बढ़ने और इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ ही क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट की घोषणा करने का सही समय आ गया है।’
टीम इंडिया जल्द ही श्रीलंका के साथ टेस्ट सीरीज खेलेगी, उसके लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। इसमें भी रहाणे को जगह नहीं मिली है। माना जा रहा है कि उसी के बाद रहाणे ने वापसी की उम्मीद छोड़ दी और संन्यास ले लिया।
साल 2013 में डेब्यू के बाद उन्होंने साल 2024 तक टेस्ट खेला। इस दौरान उन्होंने 85 मैच खेलकर 5077 रन बनाए। इसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल रहे। वनडे में उन्होंने 90 मैच खेलकर 2962 रन बनाए। इसमें उनके नाम तीन शतक और 24 अर्धशतक शामिल हैं। टी20 इंटरनेशनल मैच वे केवल 20 ही खेल पाए और 375 रन बनाने में कामयाब रहे। इसमें उनके नाम एक अर्धशतक है।
अजिंक्य रहाणे ने कहा कि ,देश के लिए खेलना सबसे बड़ा सम्मान की बात है, भले ही वह इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह रहे हैं, लेकिन वह इस खेल से जुड़े रहना चाहते हैं।









