देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए उत्तराखंड स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 के तहत छह वाहन स्वामियों को पूंजीगत अनुदान एवं प्रोत्साहन राशि के सब्सिडी चेक प्रदान किए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में 11 स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। परिवहन विभाग ने पांच अन्य लाभार्थियों की सब्सिडी और स्वीकृति प्रक्रिया भी पूरी कर ली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि प्रदेश को स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था की ओर ले जाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। इससे डीजल चालित वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी आएगी और स्वच्छ ईंधन आधारित सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में आधुनिक सार्वजनिक परिवहन विकसित करना, प्रदूषण कम करना और सीएनजी व अन्य स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को प्रोत्साहित करना है। सरकार देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी में इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार कर रही है तथा प्रदेशभर में ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। पीएम सूर्य घर योजना के तहत प्रदेश में रूफटॉप सोलर संयंत्रों का लक्ष्य लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने लोगों से स्वच्छ परिवहन और पर्यावरण संरक्षण के अभियान में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही स्थायी परिवर्तन संभव है।









