अयोध्या: राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि “अपराधी कोई भी हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा”। इस मामले की (SIT) जांच कर रही है। जांच के बाद “दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।”
सीएम योगी ने राम भक्तों से धैर्य रखने की अपील की। साथ ही कहा कि हमारे पूर्वजों ने राम मंदिर के लिए 500 साल तक मर्यादा में रहकर संघर्ष किया है। ऐसे में लोग 15 दिन और इंतजार कर लें, जिसके भीतर SIT अपनी जांच पूरी कर सच्चाई सामने ला देगी।
उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति के पास इस गड़बड़ी या चोरी से जुड़ा कोई भी सबूत है, तो वे उसे सीधा SIT को सौंप दें।
विपक्ष पर तीखा हमला :सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “जो लोग कभी राम भक्तों पर लाठी और गोली चलवाते थे, आज वे उपदेश दे रहे हैं”। उन्होंने आरोप लगाया कि माफियाओं की कब्र पर फातिहा पढ़ने वाले लोग अब अयोध्या और राम मंदिर को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।









