पश्चिम बंगाल में TMC में टूट के बाद महाराष्ट्र में भी टूट की गूंज सुनाई देने लगी है। आज यानि गुरुवार को दिल्ली में शिवसेना (UBT) ने संसदीय दल की बैठक बुलाई थी। लेकिन इस बैठक में 6 सांसद नहीं पहुंचे।
पार्टी ने संसदीय दल की बैठक में शामिल न होने वाले अपने 6 लोकसभा सांसदों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का फैसला किया है। पार्टी के मुख्य सचेतक (Chief Whip) और वरिष्ठ नेताओं द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इन सभी सांसदों को ‘व्हिप’ जारी किया गया था। इसके बावजूद ये सांसद बैठक से नदारद रहे।
पार्टी के कुल 9 लोकसभा सांसदों में से जो 6 सांसद इस बैठक में नहीं पहुंचे, उनके नाम यह हैं –
- संजय दिना पाटिल
- संजय देशमुख
- नागेश पाटिल अष्टीकर
- ओमराजे निंबालकर
- भाऊसाहेब वाकचौरे
- संजय जाधव
उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के मुख्य सचेतक अनिल देसाई द्वारा व्हिप जारी किए जाने के बावजूद, संसदीय दल की महत्वपूर्ण बैठक में 6 लोकसभा सांसद शामिल नहीं हुए। इस घटनाक्रम ने उद्धव ठाकरे की पार्टी में बड़ी बगावत की पुष्टि कर दी है।
उद्धव गुट अब इन सांसदों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है। व्हिप का उल्लंघन करने वाले इन 6 सांसदों को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया जाएगा और इसके बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।








