14 अप्रैल को उत्तराखंड आ सकते हैं पीएम मोदी, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे का करेंगे उद्घाटन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून: उत्तराखंड में पीएम नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। उम्मीद की जा रही है कि पीएम मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड आ सकते हैं और दिल्ली-देहरादून हाईवे का उद्घाटन कर सकते हैं। मोदी के 14 अप्रैल को संभावित कार्यक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। संगठन स्तर पर जहां रणनीति बनाई जा रही है, वहीं कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय किया जा रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस दौरे को लेकर कहा कि, प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और यहां की जनता के साथ उनका भावनात्मक संबंध रहा है।14 अप्रैल को प्रधानमंत्री के प्रदेश आगमन की संभावना है, जिसे लेकर पार्टी पूरी तरह तैयारियों में जुटी हुई है।

जब भी प्रधानमंत्री उत्तराखंड आते हैं, राज्य को कोई न कोई बड़ी सौगात जरूर देते हैं।  इस बार भी दिल्ली-देहरादून हाईवे के उद्घाटन की संभावना जताई जा रही है। यह परियोजना प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसके शुरू होने से देहरादून और दिल्ली के बीच सफर और अधिक सुगम हो जाएगा।
-महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा-

दौरे को लेकर भाजपा संगठन पूरी तरह एक्टिव मोड में आ गया है। पार्टी कार्यकर्ताओं को जनसभा को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है।

हालांकि, प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर अभी आधिकारिक कार्यक्रम की पुष्टि होना बाकी है। लेकिन जिस तरह से तैयारियां और बयान सामने आ रहे हैं, उससे साफ है कि पीएम मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड दौरे पर आ सकते हैं।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial