जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं वहां पीएम नरेंद्र मोदी ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। आज यानि रविवार को प्रधानमंत्री मोदी पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में चुनावी रैली करने पहुंचे।
पीएम मोदी ने सत्तारूढ़ ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि TMC कानून-व्यवस्था का जनाजा निकालने में लगी हुई है।
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ दिन पहले राजधानी कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड से मैंने बंगाल में परिवर्तन महाअभियान की शुरुआत की थी। ब्रिगेड ग्राउंड की वो ऐतिहासिक तस्वीरें, जनसैलाब और वो उत्साह, जनता का जूनून, तब से पूरे टीएमसी सिंडिकेट घबराया हुआ है। और आज मैं देख रहा हूं ब्रिगेड ग्राउंड में जो बिगुल बजा, कूच बिहार ने उस पर मुहर लगा दी है।
PM मोदी ने कहा, ‘एक ओर टीएमसी का भय है और इसका मुकाबला करने के लिए आपके पास भाजपा का भरोसा है। एक ओर टीएमसी के कट मनी और करप्शन का भय है, दूसरी ओर विकास को तेज रफ्तार देने वाली भाजपा का भरोसा है। एक ओर घुसपैठ कराकर, विदेशियों को यहां बसाने का भय है, दूसरी ओर घुसपैठ रोककर सारे घुसपैठियों को बंगाल से बाहर करने का भाजपा का भरोसा है।
मोदी ने कहा कि मैं आपको भरोसा देता हूं कि इस बार चुनाव के बाद इनके पापों का पूरा हिसाब किया जाएगा। चुन-चुनकर हिसाब किया जाएगा। 4 मई के बाद कानून अपना काम करेगा। चाहे कोई बड़े से बड़ा गुंडा क्यों न हो, इस बार न्याय होकर रहेगा।’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यहां की निर्मम सरकार बंगाल की इस पावन माटी पर हर रोज लोकतंत्र को लहुलूहान कर रही है। ये निर्मम सरकार अपने आगे किसी संवैधानिक संस्था को कुछ भी नहीं समझती। दो-तीन पहले पूरे देश ने देखा है कि कैसे मालदा में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाकर रखा गया। TMC कानून-व्यवस्था का जनाजा निकालने पर तुली हुई है।
पीएम ने कहा कि ये तृणमूल वाले एसआईआर का विरोध कर रहे हैं।ताकि घुसपैठियों की पहचान न हो सके, उल्टे टीएमीस सीएए को रद्द करने की धमकी दे रही है।
यानि जिन शरणार्थी हिंदुओं को नागरिकता मिली है, ये उनकी नागरिकता छीनेंगे और वो ये नागरिकता घुसपैठियों को देंगे। क्योंकि टीएमसी घुसपैठियों को अपना वोटबैंक मानती है।
इस दौरान पीएम ने कहा कि जनता का उत्साह और जुनून यह दिखाता है कि पश्चिम बंगाल में बदलाव का माहौल बन चुका है और इस रैली के बाद जनता ने बदलाव पर मुहर लगा दी है।










