नई दिल्ली: आबकारी नीति घोटाले में शनिवार को नया मोड़ आ गया. राउज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई द्वारा दर्ज मामले में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को बड़ी राहत देते हुए बरी कर दिया है. विशेष न्यायाधीश जितेंद्र सिंह ने फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया कि सीबीआई आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पेश करने में विफल रही है.
वहीं, शराब नीति मामले में बरी होने के बाद अरविंद केजरीवाल भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ पूरा मामला फर्जी था. अदालत से राहत मिलने के बाद उन्होंने इसे सच की जीत बताया और कहा कि उन्हें झूठे केस में फंसाया गया था.
वहीं मनीष सिसोदिया ने X पर लिखा…
सत्यमेव जयते। आज एक बार फिर बाबा साहेब अम्बेडकर जी की दूरदर्शी सोच और उनके बनाए संविधान पर फ़ख़्र महसूस हो रहा है। मोदी जी की पूरी पार्टी और सारी एजेंसियों की हमें बेईमान साबित करने की तमाम कोशिशों के बावजूद आज साबित हो गया कि अरविंद केजरीवाल – मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार है।
अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनिता केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि इस संसार में कोई कितना भी शक्तिशाली हो जाये,शिव शक्ति से ऊपर नहीं हो सकता । सच की हमेशा जीत होती है.
वहीं सांसद संजय सिंह ने कहा कि कोर्ट ने हमारे नेताओं को बरी कर दिया. ये साबित हो गया की देश की सत्ता पर एक खतरनाक षड्यंत्रकारी राज कर रहा है. जिसने साजिश रच कर देश के सबसे लोकप्रिय ईमानदार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और सबसे योग्य ईमानदार शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी को बदनाम किया.
इस फैसले के बाद दिल्ली की राजनीति में उबाल आना तय है. आम आदमी पार्टी ने इसे ‘सत्य की जीत’ बताया है. पार्टी का कहना है कि यह पूरा मामला राजनीति से प्रेरित था और आज अदालत के फैसले ने इसे साबित कर दिया है।










