नई दिल्ली। देश में बुलेट ट्रेन चलाने का सपना जल्द पूरा होने जा रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नए साल के पहले दिन देशवासियों को बड़ी खुशखबरी दी है। इसकी तारीख की घोषणा करते हुए उन्होंने बताया कि 15 अगस्त 2027 से देश में बुलेट ट्रेन दौड़ने लगेगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि भारत में बुलेट ट्रेन 15 अगस्त 2027 से चलेगी। पहले चरण में यह सूरत से वापी के बीच 100 किमी की दूरी तय करेगी.
यह ट्रेन न केवल गौरव का प्रतीक है, बल्कि बदलते भारत की तस्वीर भी बयां करेगी। बता दें कि देश की पहली बुलेट ट्रेन अहमदाबाद और मुंबई के बीच चलाने की योजना है।
ये ट्रेन जापान की शिंकानसेन हाई-स्पीड ट्रेन की तर्ज पर चलेगी। इसकी अधिकतम रफ्तार 320 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। पूरे प्रोजेक्ट में कुल 12 स्टेशन पड़ेंगे, जिसमें अहमदाबाद, वड़ोदरा, भड़च, सूरत, वापी, ठाणे और मुंबई प्रमुख हैं। प्रोजेक्ट का 85 प्रतिशत हिस्सा यानी लगभग 465 किलोमीटर एलिवेटेड होगा, जिसमें से 326 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है।
बुलेट ट्रेन को लेकर पहला रूट मुंबई से अहमदाबाद का रहेगा। दूसरा फेज में इसे अहमदाबाद से दिल्ली बढ़ाए जाने की योजना है। दिल्ली- अहमदाबाद हाई स्पीड कॉरिडोर राजस्थान के 7 जिलों अलवर, जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और डूंगरपुर जिले से गुजरेगा। इसके लिए DPR तैयार कर ली गई है।










