पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सीएम पद की दावेदारी से खींचे हाथ, कहा- कांग्रेस की सत्ता में वापसी ही मेरा लक्ष्य

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून : उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद की दावेदारी से खुद को अलग करते हुए कहा है कि उनका पहला लक्ष्य उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस को बहुमत मिलने पर उन्हें मुख्यमंत्री या किसी अन्य पद की कोई आकांक्षा नहीं है।

 

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल होने संबंधी अटकलों को निराधार बताते हुए हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर कहा कि कांग्रेस में इस जिम्मेदारी के लिए कई सक्षम नेता हैं। पार्टी का मकसद भाजपा सरकार को हटाकर 2027 में कांग्रेस की सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री तक की जिम्मेदारी निभाने का अवसर दिया है। अब उन्हें किसी पद की इच्छा नहीं है।

रावत ने कहा कि वह लगातार जनता को कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां याद दिलाने का प्रयास कर रहे हैं। इसमें मुख्यमंत्री रहते हुए उनके कार्यकाल की उपलब्धियां भी शामिल हैं। इसके साथ ही वह भाजपा सरकार की नाकामियों को भी जनता के सामने रख रहे हैं।

अपनी पोस्ट में रावत ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उत्तराखंड की बेटी को न्याय दिलाना और उसकी हत्या से कथित तौर पर जुड़े प्रभावशाली व्यक्ति को सजा दिलाना जरूरी है। उन्होंने इस मामले को राज्य के लिए अहम बताते हुए न्याय की मांग को कांग्रेस की राजनीतिक प्राथमिकताओं से जोड़ा।

पूर्व मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों के मध्याह्न भोजन और गर्भवती महिलाओं के लिए खाद्यान्न आपूर्ति में कथित घोटाले का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं के हिस्से का अनाज हड़पकर सैकड़ों करोड़ रुपये का घोटाला किया गया। रावत ने इस मामले में कथित रूप से शामिल लोगों को जिम्मेदार ठहराने की मांग करते हुए 210 करोड़ रुपये के घोटाले का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि घोटाले से अर्जित धन का इस्तेमाल बरेली में आलीशान फार्महाउस और संपत्ति बनाने में किया गया।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial