देहरादून: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सीएम आवास में देर रात तक प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। करीब चार घंटे तक चली बैठक में प्रदेश में विकास कार्यों की प्रगति, जनसुविधाओं, कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों की तैयारियों, आपदा प्रबंधन, निर्वाचन संबंधी कार्यों, जिला योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं हरिद्वार कुंभ 2027 की तैयारियों समेत तमाम महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में गृह सचिव, गढ़वाल एवं कुमाऊं मंडल के आयुक्तों और दोनों पुलिस परिक्षेत्रों के पुलिस महानिरीक्षकों समेत संबंधित वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी काम समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुखी तरीके से पूरे किए जाएं। जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, बेवजह देरी या फिर जिम्मेदारी से बचने की प्रवृत्ति किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सड़कों की स्थिति की समीक्षा: सीएम ने प्रदेश में सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने जिलों में सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर लंबित मरम्मत कामों को तत्काल शुरू कराया जाए। सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के अभियान में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा किए जाएं।
सीएम ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के साथ समन्वय बैठक कर कामों की नियमित समीक्षा करें। आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजारों, आवासीय क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर विशेष ध्यान दिया जाए। ताकि किसी भी विभाग की लापरवाही के कारण जनता को असुविधा न हो। सीएम ने सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं और अन्य नगरीय निकायों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए।
शिकायत दर्ज कराने के लिए पीड़ित को न होना पड़े परेशान: किसी भी पीड़ित को शिकायत दर्ज कराने या न्याय पाने के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। थाना एवं चौकी स्तर पर पुलिस की कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा करने, जनशिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने और अपराध नियंत्रण के लिए जवाबदेही तय करने के भी निर्देश दिए।
सीएम ने महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। पुलिस अधिकारी संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण करें और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें। त्योहारों के दौरान यातायात सुचारु रहे और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो।
हरिद्वार कुंभ 2027 की तैयारियों की समीक्षा: सीएम धामी ने हरिद्वार कुंभ 2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करें। सड़कों, पुलों, घाटों, पेयजल, सीवरेज, स्वास्थ्य सुविधाओं, पार्किंग और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं की साप्ताहिक समीक्षा की जाए।









