बिहार : वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव डूबने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जिनमें अधिकतर बच्चे शामिल हैं। ये लोग भोज खाने जा रहे थे तभी गंगा में नाव पलट गई, जिससे पूरे इलाके में मातम छा गया। वहीं, हादसे में घायल सात लोगों का इलाज पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
यह हादसा तब हुआ जब लोग श्राद्ध भोज में शामिल होने के लिए नदी पार कर रहे थे। नाव पर लगभग 20 की संख्या में लोग जा रहे थे। उसी दौरान यह हादसा हुआ। नाव पर सवार अधिकांश बच्चे शामिल थे।
नदी की बीच धारा में अचानक नाव पलटने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते लोग गहरे पानी में गिरने लगे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और अपने स्तर से लोगों को बचाने की कोशिश शुरू कर दी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए गए हैं।
पीएम मोदी ने जताया दुख
पीएम मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं दुखी परिवारों के साथ हैं। मैं सभी घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। लोकल एडमिनिस्ट्रेशन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है। जिन लोगों की जान गई है, उनके परिवार वालों को PMNRF से 2 लाख रुपये की मदद दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।









