यूपी: ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक चलती हुई स्लीपर बस में भीषण आग लग गई, जिसमें 9 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई है। जबकि कई लोग घायल हैं। हादसे के वक्त बस में 35 से ज़्यादा यात्री सवार थे।
आग लगते ही बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों और शीशों को तोड़कर नीचे कूदकर अपनी जान बचाई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और बस की बॉडी को काटकर शवों को बाहर निकाला गया। बस कश्मीरी गेट दिल्ली से यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते महोबा जा रही थी।
शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
बस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मामले में मुआवजे का भी ऐलान किया है। मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए को आर्थिक मदद का ऐलान किया है।









