नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 11 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की ऐलान कर दिया है। ये घोषणा उत्तर प्रदेश की 10, उत्तराखंड की एक और पश्चिम बंगाल में एक सीट के लिए की गई है।
चुनाव आयोग की आधिकारिक सूचना के मुताबिक , द्विवार्षिक चुनावों में राज्यसभा की 11 सीटों के लिए चुनाव होंगे, जिनमें उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक सीट शामिल है। इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस की सांसद रुक्मिणी मल्लिक के इस्तीफे के बाद पश्चिम बंगाल में एक खाली सीट को भरने के लिए उपचुनाव भी होगा।
राज्यसभा चुनाव के लिए नोटिफिकेशन 29 सितंबर को जारी किया जाएगा और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर है। नॉमिनेशन की जांच 7 अक्टूबर को होगी और नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 9 अक्टूबर है। वोटिंग 16 अक्टूबर को सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगी और उसी दिन शाम 5:00 बजे वोटों की गिनती शुरू होगी।
रिटायर होने वाले सदस्य:
यूपी से बीजेपी के डॉ. दिनेश शर्मा, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह, नीरज शेखर, बृजलाल, सीमा द्विवेदी, गीता शाक्य, बीएल वर्मा, समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव और बसपा के रामजी गौतम शामिल हैं। उत्तराखंड से भाजपा के नरेश बंसल का कार्यकाल पूरा हो रहा है।









