नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने दिल्ली में SIR की प्रक्रिया के तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है। सामने आई जानकारी के अनुसार, ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से 47.7 लाख लोगों के नाम हटा दिए गए हैं। दिल्ली के चीफ इलेक्शन ऑफिसर के कार्यालय की ओर से जानकारी दी गई है कि SIR की प्रक्रिया के तहत दिल्ली में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। इस प्रक्रिया में दिल्ली के 1.45 करोड़ वोटरों में से 47.7 लाख लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं।
दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा है कि जिन लोगों के नाम वोटर लिस्ट में नहीं आए हैं, वे आगामी 30 सितंबर तक फ़ॉर्म 6 और जरूरी दस्तावेजों के ज़रिए अपने दावे पेश कर सकते हैं। चुनाव आयोग की ओर से जारी किए गए अपडेटेड शेड्यूल के मुताबिक, पेश किए गए दावों और आपत्तियों की जांच की जाएगी और नोटिस व निपटारे की प्रक्रिया 29 अक्टूबर तक जारी रहेगी। दिल्ली में SIR के तहत फाइनल वोटर लिस्ट 4 नवंबर को जारी कर दी जाएगी।
नाम कट गया तो क्या करें?
यदि आपका या आपके किसी परिचित का नाम इस नई ड्राफ्ट सूची में नहीं है, तो निराश होने की आवश्यकता नहीं है। निर्वाचन आयोग ने इसके लिए सुधार का पूरा मौका दिया है। जिन लोगों के नाम सूची में शामिल नहीं हैं, वे 31 अगस्त यानि आज से 30 सितंबर के बीच फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र (डिक्लरेशन फॉर्म) और आवश्यक दस्तावेज जमा कर सकते हैं। सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद 4 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।









