ताशकंद: पीएम नरेंद्र मोदी को उज्बेकिस्तान के सर्वेच्च सम्मान से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने पीएम मोदी को यह सुप्रीम अवार्ड दिया।पीएम मोदी का किसी देश की तरफ से दिया जाने वाला यह 36वां सर्वोच्च सम्मान है।
इससे पहले उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने ताशकंद में द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत में द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग, तकनीक, ऊर्जा, कारोबार और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
भारत और उज्बेकिस्तान के बीच यूरेनियम सप्लाई पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने कहा ‘हम यूरेनियम की आपूर्ति के लिए भी एक रणनीति के साथ आगे बढ़ेंगे और एक व्यवस्था बनाएंगे। यह अहम संकेत माना जा रहा है। जिससे दोनों देशों के बीच अब यूरेनियम सप्लाई की राह आसान हो रही है।
पीएम मोदी ने बताया कि इस वर्ष हमारी स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप के 15 साल हो रहे हैं। इस विशेष अवसर पर हमने संबंधों को कॉम्प्रहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा देने का निर्णय लिया है। आज हमने हमारी साझेदारी के इस नए स्वरूप में तेज गति और ठोस परिणामों के साथ आगे बढ़ने का एंबिशियस एजेंडा तैयार किया है। हमारा द्विपक्षीय व्यापार एक बिलियन डॉलर पार कर चुका है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके लिए हम मार्केट एक्सेस, कनेक्टिविटी, बैंकिंग और पेमेंट जैसे जुड़े विषयों पर व्यवस्थागत रूप से आगे बढ़ेंगे। इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट में विन-विन सहयोग बढ़ाने के लिए हम मिलकर के काम करेंगे। डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, एआई, क्रिटिकल मिनरल्स, क्लीन एनर्जी, स्पेस और न्यूक्लियर एनर्जी में सहयोग हमारे संबंधों को फ्यूचर रेडी बना रहा है।








